RJD 30th foundation day: ‘सामाजिक न्याय-संबंधी लड़ाई आगे बढ़ेगी’, कहा – ‘सिर्फ चुनाव नहीं, जनता के बीच रहकर संघर्ष करो’; सभी जिलों में कार्यक्रम
पटना | राष्ट्रीय जनता दल ने रविवार को अपना 30वां स्थापना दिवस मनाया। 5 जुलाई 1997 को बनी इस पार्टी ने तीन दशक पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता और कार्यकर्ताओं के नाम लंबा संदेश जारी कर BJP पर तीखा हमला बोला और आगे की रणनीति का संकेत दिया।
‘गरीबों-वंचितों की आवाज के लिए बनी RJD’:
लालू यादव ने कहा कि राजद की स्थापना गरीबों, शोषितों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई के लिए हुई थी। उन्होंने कहा, “5 जुलाई 1997 सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि बिहार और देश की राजनीति में बदलाव का दिन था।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष, त्याग और समर्पण को सराहा और सभी का आभार जताया।
सामाजिक न्याय हमारी प्रतिबद्धता’:
लालू ने कहा कि राजद की राजनीति हमेशा सामाजिक न्याय और बराबरी के सिद्धांत पर आधारित रही है। पार्टी का मकसद सिर्फ बड़े विकास कार्य नहीं, बल्कि समाज के आखिरी व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। “विकास तभी सार्थक होगा जब गरीब, मजदूर, किसान और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
BJP पर गंभीर आरोप:
संदेश में लालू ने BJP पर हमला करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है, लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है और सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार तथा अल्पसंख्यकों के मुद्दों को पीछे धकेला जा रहा है।
उन्होंने कहा, “सत्ता और पूंजी के सहारे लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। विगत कई राज्यों के चुनाव नतीजों की पड़ताल करें तो मालूम होगा कि बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं को कब्जे में लेकर संविधान को दरकिनार कर तानाशाही के बल पर देश को फिर से पीछे धकेलने का प्रयास कर रही है। हमारी राजनीति हमें इस परिस्थिति को स्वीकार करने की इजाजत नहीं देती।
कार्यकर्ताओं को दिया टास्क:
लालू ने कहा कि राजद सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों के लिए संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष करना होगा। उन्होंने सभी से समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की।
आने वाली लड़ाई अलग होगी’:
लालू ने कहा कि आने वाले समय की राजनीतिक लड़ाई पहले से अलग होगी। यह लड़ाई सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की है। उन्होंने कहा कि सभी मतभेद भुलाकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
सभी जिलों में कार्यक्रम:
RJD का 30वां स्थापना दिवस बिहार के सभी जिलों में मनाया जा रहा है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। संदेश के अंत में लालू ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि राजद आगे भी गरीबों, किसानों, वंचितों और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
स्रोत: लालू प्रसाद यादव का आधिकारिक संदेश / RJD कार्यालय

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



