Agra,30 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश के आगरा में ट्रांस यमुना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। 65 वर्षीय शीला देवी को अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के करीब 17 घंटे बाद उनके शरीर में हरकत होने लगी।
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच लौटी हरकत
परिजनों के मुताबिक शीला देवी लंबे समय से *लीवर और सांस की बीमारी* से जूझ रही थीं। उनका इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
बुधवार तड़के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शाम को एंबुलेंस से उनका शव आगरा स्थित घर लाया गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं।रात करीब 8 बजे परिजनों ने उनके शरीर में हरकत महसूस की।
दामाद का हाथ पकड़कर बोलीं – “मैं जिंदा हूं”
परिवार का दावा है कि जब दामाद ने शीला देवी के पैर छुए तो उन्होंने उनका हाथ पकड़ लिया और कहा, “मुझे कहां लेकर जा रहे हो, मैं जिंदा हूं।”
यह सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। बिना देर किए परिजनों ने उन्हें दोबारा आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।शीला देवी के परिवार और पड़ोसियों ने भी उनके होश में आने की पुष्टि की है।
अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं
फिलहाल महिला का उपचार चल रहा है। हालांकि, डॉक्टरों या पहले वाले अस्पताल की ओर से इस पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।इस वजह से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे “चमत्कार” बता रहे हैं।


