Shimla, 28 जुलाई 2026: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार पर भर्ती घोटालों और पेपर लीक मामलों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय जांच को दबा रही है और युवाओं को गुमराह कर रही है।
“सरकार बता दे कितनी भर्ती की हैं”
शिमला से जारी बयान में जयराम ने कहा कि सीएम दावा कर रहे हैं कि उनके कार्यकाल में कोई पेपर लीक नहीं हुआ। लेकिन सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसने अब तक कितनी भर्ती परीक्षाएं आयोजित की हैं।
उन्होंने प्री-नर्सरी शिक्षक भर्ती और स्वास्थ्य विभाग की आउटसोर्स भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, जिससे कई प्रक्रियाएं प्रभावित हुईं।
पुलिस भर्ती में मास चीटिंग के आरोप
जयराम ने हाल की पुलिस भर्ती परीक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों ने सामूहिक नकल और पेपर खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए। पुलिस कार्रवाई में कुछ आरोपी गिरफ्तार हुए, लेन-देन के रिकॉर्ड और नकदी भी बरामद हुई, लेकिन इसके बाद सरकार ने जांच को आगे नहीं बढ़ाया।
“हमने तो CBI जांच करवाई थी”
पूर्व सीएम ने 2022 की पुलिस भर्ती का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में पेपर लीक की खबर मिलते ही तुरंत FIR, SIT गठन, परीक्षा रद्द और CBI जांच की सिफारिश की गई।
जयराम के अनुसार CBI ने जांच पूरी कर कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी की, लेकिन सुक्खू सरकार ने उस रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की।
स्थायी नौकरियों पर भी घेरा
जयराम ने सरकार को सरकारी नौकरियों के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने दावा किया कि *भाजपा सरकार में स्थायी कर्मचारियों की संख्या ज्यादा थी*, जबकि कांग्रेस सरकार में इसमें कमी आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को स्थायी रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है।


