Birbhum| 29 जुलाई 2026: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बालू माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित कारोबारी के करीबी के घर से करोड़ों की संपत्ति बरामद की है। छापेमारी में 15 किलो सोना और 5.5 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

देउचा में तड़के पड़ी रेड, 5 मशीनों से गिने गए नोट
बुधवार तड़के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के देउचा बस स्टैंड के पास पत्थर कारोबारी टुलू मंडल के करीबी और रिश्तेदार मोनिर मंडल के आलीशान घर पर पुलिस ने छापा मारा।
स्थानीय लोगों के अनुसार पूरे घर को पुलिस बल ने चारों ओर से घेर लिया था। अलमारियों से नकदी के बंडल मिले। नोट गिनने के लिए 5 काउंटिंग मशीनें और दस्तावेजों के लिए 2 प्रिंटर मंगाने पड़े। जब्त सामान ले जाने के लिए 2 बड़े लोहे के ट्रंक इस्तेमाल किए गए।

22 करोड़ का सोना और 20 करोड़ कैश का दावा
आधिकारिक तौर पर पुलिस ने 15 किलो सोना और 5.5 करोड़ कैश जब्त करने की पुष्टि की है। हालांकि सूत्रों का दावा है कि छापेमारी में लगभग 22 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और 20 करोड़ से अधिक नकदी मिली है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकदी और सोना किसका है और इसका स्रोत क्या है।
सरकारी बस चालक से बना ‘करोड़पति’
जानकारी के अनुसार मोनिर उर्फ मिनार मंडल पहले सरकारी बस चालक थे। बाद में नौकरी छोड़कर टुलू मंडल के पत्थर और बालू कारोबार से जुड़ गए।
कुछ ही वर्षों में उन्होंने अकूत संपत्ति बनाई और आलीशान मकान खड़ा किया। टुलू मंडल का नाम पहले भी बीरभूम में अवैध पत्थर और बालू खनन से जुड़ता रहा है। सरकार बदलने के बाद उनके कई ठिकानों पर छापेमारी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की पुलिस की सराहना
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘X’ पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
उन्होंने कहा:“खुफिया जानकारी के आधार पर मोहम्मद बाजार में की गई यह छापेमारी सराहनीय है। अवैध रूप से जमा की गई संपत्ति बरामद हुई है। भ्रष्टाचार और संगठित अपराध के खिलाफ हमारी सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी।”
शुभेंदु ने आगे कहा:“जिसने सार्वजनिक संसाधनों का दोहन और तत्कालीन सत्तारूढ़ दल के साथ सांठगांठ करके अवैध संपत्ति बनाई है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने इस सफल अभियान के लिए DGP, बीरभूम SP और जिला पुलिस को भी बधाई दी।

जांच जारी
फिलहाल पुलिस टुलू मंडल से जुड़े आर्थिक लेन-देन और अन्य कारोबारी गतिविधियों की जांच कर रही है। जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद और खुलासे होने की संभावना है।


