Kinnaur| 30 जुलाई 2026: आज से हिमाचल के पवित्र धाम किन्नौर कैलाश की धार्मिक यात्रा शुरू हो रही है। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले दिन 375 श्रद्धालुओं का जत्था तांगलिंग से सुबह रवाना होगा।
30 जुलाई से 10 अगस्त तक चलेगी यात्रा
किन्नौर जिले में स्थित भगवान शिव के पवित्र धाम किन्नौर कैलाश के लिए जिला प्रशासन ने इस वर्ष यात्रा की तिथि 30 जुलाई से 10 अगस्त तय की है। प्रशासन के अनुसार यात्रा 11 दिन चलेगी, लेकिन यह पूरी तरह मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी।
इस बार प्रतिदिन केवल 375 श्रद्धालुओं को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
- 175 श्रद्धालु – ऑनलाइन पंजीकरण
- 125 श्रद्धालु – ऑफलाइन पंजीकरण
- 75 श्रद्धालु – स्लॉट एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स के माध्यम से
बिना पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी।

तंगलिंग से होगा शुभारंभ, मेडिकल फिटनेस जरूरी
यात्रा का विधिवत शुभारंभ आज तांगलिंग से होगा। विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु सुबह यहां से तंगलिंग-मेलिंग खाता-गुफा मार्ग के लिए रवाना होंगे।
किन्नौर कैलाश यात्रा समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि यात्रा पर जाने से पहले मेडिकल फिटनेस अनिवार्य है। फिटनेस प्रमाणपत्र के बाद ही अनुमति मिलेगी।
सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पूरे मार्ग पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, वन, जल शक्ति और राजस्व विभाग की टीमें तैनात रहेंगी। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम संबंधी सलाह का पालन करें और केवल अधिकृत पंजीकरण के बाद ही यात्रा पर निकलें।


