*हिंडनबर्ग रिसर्च ने दी चेतावनी: भारत में जल्द ही होगा बड़ा खुलासा*

finance-and-industry

*हिंडनबर्ग रिसर्च ने दी चेतावनी: भारत में जल्द ही होगा बड़ा खुलासा*

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

नई दिल्ली: अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने हाल ही में एक और बड़ा खुलासा करने का संकेत दिया है। शनिवार की सुबह, हिंडनबर्ग ने एलन मस्क के स्वामित्व वाली एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लिखा, "भारत में जल्द ही कुछ बड़ा होने वाला है।" हालांकि हिंडनबर्ग ने इस संदेश में स्पष्ट नहीं किया कि यह बड़ा खुलासा किस कंपनी या मुद्दे पर होगा, लेकिन इससे बाजारों में हलचल मच गई है।

हिंडनबर्ग की पिछली रिपोर्टों ने भारतीय बाजारों में बड़े उथल-पुथल पैदा की थी। जनवरी 2023 में, हिंडनबर्ग ने गौतम अडानी के अडानी समूह पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस रिपोर्ट के बाद अडानी समूह के शेयरों में तेज गिरावट आई और गौतम अडानी की संपत्ति में भारी कमी आई, जिससे वे दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में पीछे चले गए। अडानी ग्रुप की वैल्यूवेशन कुछ ही दिनों में 86 अरब डॉलर तक घट गई थी।

इसके बाद, जून 2024 में, हिंडनबर्ग ने कोटक महिंद्रा बैंक के खिलाफ एक रिपोर्ट जारी की, जिससे बैंक के शेयर मूल्य में उल्लेखनीय गिरावट आई। हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया कि पूंजी बाजार नियामक सेबी ने उनकी रिपोर्ट का विरोध करने के लिए एक नोटिस जारी किया था, जिसे हिंडनबर्ग ने 'बकवास' करार दिया। उन्होंने कहा कि यह नोटिस भारतीय बाजार में भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी को उजागर करने की कोशिश करने वालों को डराने और चुप कराने के लिए था।

अब हिंडनबर्ग के नए बयान ने एक बार फिर भारतीय बाजार में हलचल पैदा कर दी है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि हिंडनबर्ग का अगला बड़ा खुलासा किस भारतीय कंपनी या संस्थान के खिलाफ होगा, और इसका वित्तीय बाजारों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

Related Post