रांची में नौ सितंबर को जदयू प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा होंगे शामिल

Politics

रांची में नौ सितंबर को जदयू प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा होंगे शामिल

रांची-जदयू प्रदेश कार्यसमिति की बैठक नौ सितंबर को रांची में आयोजित की जाएगी. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा बतौर मुख्य अतिथि इस बैठक में शामिल होंगे. बैठक की अध्यक्षता जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो करेंगे. झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले जदयू प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अहम बतायी जा रही है. इसमें शामिल होने के लिए झारखंड प्रभारी डॉ अशोक चौधरी रविवार को ही रांची पहुंचेंगे.

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जदयू के झारखंड प्रभारी और बिहार के  ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ अशोक चौधरी, बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, प्रदेश जदयू के सह प्रभारी और विधान परिषद सदस्य विजय कुमार सिंह, सह प्रभारी और बेलहर के विधायक मनोज यादव भी बैठक में शामिल होंगे.

जदयू के झारखंड प्रभारी सह बिहार के मंत्री डॉ अशोक चौधरी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए एक दिन पहले आठ सितंबर की दोपहर 12.40 बजे रांची पहुंच जाएंगे. वे यहां कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद नौ सितंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे.

जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने बताया कि नौ सितंबर को पुरानी विधानसभा के सभागार में सुबह 11 बजे से प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी. इसमें जदयू के सभी प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला/नगर अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे. झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये बैठक काफी अहम है.

Related Post