*चंपाई सोरेन की दिल्ली यात्रा: जल्द करेंगे नए राजनीतिक सफर का खुलासा*

Politics

*चंपाई सोरेन की दिल्ली यात्रा: जल्द करेंगे नए राजनीतिक सफर का खुलासा*

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

जमशेदपुर:झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन एक बार फिर दिल्ली का दौरा करने जा रहे हैं। रविवार रात को कोलकाता पहुंचने के बाद, उन्होंने घोषणा की कि वह सोमवार को दिल्ली जाएंगे। बहरागोड़ा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद खड़गपुर के रास्ते कोलकाता पहुंचे चंपाई सोरेन ने अपने आगामी राजनीतिक कदमों को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है।

बहरागोड़ा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान, चंपाई सोरेन ने कहा, "मुझे अपने दौरे के क्रम में कोल्हान की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। आज मेरे अध्याय का पांचवा चैप्टर खत्म हो गया है। जल्द ही मैं अपने आगे के राजनीतिक सफर का खुलासा करूंगा। हमने आज तक जो भी कदम उठाए हैं, वो ठोस और सही उठाए हैं। साथ ही जो भी काम सोचते हैं, उसे पूरा करते हैं।"

*चंपाई सोरेन को बताया झारखंड का 'टाइगर'*

पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे बाबूलाल सोरेन ने अपने पिता की प्रशंसा करते हुए कहा, "चंपाई सोरेन कोल्हान के टाइगर नहीं, बल्कि झारखंड के टाइगर हैं। उन्होंने बिहार के समय से ही आंदोलन करके परिवार को छोड़कर झारखंड के हर एक व्यक्ति को न्याय दिलाने का काम किया है। इसलिए आज उनके पीछे लाखों जनता है। पूरे झारखंड में इसका असर देखने को मिलेगा। झारखंड के टाइगर जहां रहेंगे, उनके साथ मैं और पूरा परिवार रहेगा।"

*चंपाई सोरेन की लगातार दूसरी दिल्ली यात्रा*

यह चंपाई सोरेन की हाल के दिनों में दूसरी दिल्ली यात्रा होगी, जो उनके झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से किनारा करने के बाद हो रही है। पिछले दौरे के बाद से ही यह चर्चा जोरों पर है कि चंपाई सोरेन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, चंपाई सोरेन ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि वह भाजपा में शामिल हो रहे हैं या नहीं। उनके इस कदम को लेकर राजनीतिक हलकों में कयासों का दौर जारी है, और अब सभी की नजरें उनकी अगली घोषणा पर टिकी हैं।

Related Post