योगी देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री, दूसरे स्थान पर अरविंद केजरीवाल, जानिए अन्य का हाल

Politics

योगी देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री, दूसरे स्थान पर अरविंद केजरीवाल, जानिए अन्य का हाल

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

नई दिल्ली: मूड ऑफ द नेशन (MOTN) सर्वे में देशभर के 30 राज्यों के लोगों से पूछा गया कि वे किसे देश का सबसे बेहतरीन मुख्यमंत्री मानते हैं. इस सर्वे के परिणाम सामने आ गए हैं. इसमें सर्वे में जनता की राय से कुछ रोचक तथ्य उभर निकले हैं. मूड ऑफ द नेशन सर्वे के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में शीर्ष स्थान हासिल किया है. सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि अगस्त 2024 में 33.2% लोगों ने उन्हें सबसे अच्छा मुख्यमंत्री माना. हालांकि, इसी साल फरवरी 2024 में उनका समर्थन 46.3% था. वहीं अगस्त 2023 में हुए सर्वे में योगी को 43% लोगों ने सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री माना था.

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है, लेकिन उनका समर्थन पहले से घटा है. अगस्त 2024 में 13.8% लोगों ने उन्हें सबसे अच्छा मुख्यमंत्री माना, जबकि फरवरी 2024 में 19.6% और अगस्त 2023 में 19.1% ने उन्हें अपना समर्थन दिया था. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर रहीं. कोलकाता कांड के बाद भी उनकी लोकप्रियता का ग्राफ पहले के मुकाबले बढ़ा है. अगस्त 2024 में 9.1% लोगों ने उन्हें समर्थन दिया, जो पिछले सर्वेक्षण (फरवरी 2024 - 8.4% ) से थोड़ा बढ़ा है.

योगी आदित्यनाथ ने सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में शीर्ष स्थान हासिल किया है.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को 4.7% लोगों का समर्थन मिला, जो फरवरी 2024 के 5.5% और अगस्त 2023 के 5.6% से कम है. इसी तरह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को 4.6% लोगों का समर्थन मिला. आपको बता दें कि उन्हें इस सर्वेक्षण में पहली बार शामिल किया गया था. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समर्थन भी बढ़ा है। अगस्त 2024 में 3.1% लोगों ने उन्हें समर्थन दिया, जो फरवरी 2024 में 1.9% और अगस्त 2023 में 1% था.

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी कुछ हद तक समर्थन मिला, लेकिन वे शीर्ष स्थानों पर नहीं पहुंच सके. मूड ऑफ द नेशन सर्वे से यह साफ दिख रहा है कि समय के साथ जनता की प्राथमिकताएं और पसंद बदली हैं. जहां एक ओर कुछ मुख्यमंत्री अपने प्रदर्शन से जनता का दिल जीत रहे हैं, वहीं कुछ को अपने समर्थन में कमी का सामना करना पड़ रहा है.


इसके हर राज्य में लोगों से यह भी पूछा गया कि वे अपने मुख्यमंत्री के कामकाज से कितने संतुष्ट हैं. इस सर्वे के अनुसार, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग अपने राज्य में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बनकर उभरे हैं. अगस्त 2024 में 55.7% लोगों ने उनके कामकाज पर संतोष व्यक्त किया, जबकि फरवरी 2024 में यह आंकड़ा 26% था और अगस्त 2023 में 32.5% था. यह एक बड़ा उछाल है, जो उनके कामकाज की बढ़ती स्वीकार्यता को दिखाता है.


असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इस लिस्ट में अपने राज्य में एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पहचान बनाई है. अगस्त 2024 में 50.8% लोगों ने उनके कामकाज से संतुष्टि जताई, जो फरवरी 2024 में 48.6% और अगस्त 2023 में 49.2% था. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल को 46% लोगों का समर्थन मिला. हालांकि, उनके समर्थन में गिरावट आई है, क्योंकि फरवरी 2024 में यह आंकड़ा 42.6% और अगस्त 2023 में 55.3% था.


भूपेंद्रभाई पटेल के उलट पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने अपनी स्थिति में सुधार किया है. अगस्त 2024 में 45.5% लोग उनके कामकाज से संतुष्ट दिखे. जबकि, फरवरी 2024 में यह आंकड़ा 32.8% और अगस्त 2023 में 32% था. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को 44.4% लोगों का समर्थन मिला. नायडू इस सर्वे में पहली बार शामिल किए गए हैं.

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन का ग्राफ 44.4% रहा, जो फरवरी 2024 में 36.5% और अगस्त 2023 में 57.7% था. उनके समर्थन में भी गिरावट देखने को मिली है. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को 40.6% लोगों ने समर्थन दिया जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को 39.9% लोगों का समर्थन मिला.


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन घटकर 38.9% हो गया. योगी के लिए यह आकड़ा फरवरी 2024 में यह 51.3% और अगस्त 2023 में 46.9% था. वहीं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा को 38.4% लोगों का समर्थन मिला, जो फरवरी 2024 के मुकाबले घटा है. इस सर्वे से यह स्पष्ट होता है कि अपने मुख्यमंत्री के प्रदर्शन को लेकर राज्य के जनता की राय लगातार बदलती रही है. सिक्किम और असम जैसे राज्यों में मुख्यमंत्रियों ने अपनी लोकप्रियता को बढ़ाया है, तो वहीं उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे बड़े राज्यों में मुख्यमंत्रियों को अपने समर्थन में कमी का सामना करना पड़ा है.


यह सर्वे भारतीय राजनीति में जनता के बदलते मूड का एक महत्वपूर्ण संकेतक है, जो यह बताता है कि किस मुख्यमंत्री का कामकाज उनके राज्य के लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये मुख्यमंत्री अपनी लोकप्रियता को बरकरार रख पाते हैं या फिर कोई नया चेहरा इस सूची में अपनी जगह बना लेगा. मूड ऑफ द नेशन सर्वे 15 जुलाई से 10 अगस्त 2024 के बीच किया गया. इस सर्वे में 1,36,436 लोगों की राय ली गई. पूरे देश के 543 लोकसभा क्षेत्रों में यह सर्वेक्षण किया गया, जिससे जनता की सोच और राय को समझने की कोशिश की गई. यह सर्वे देश की मौजूदा स्थिति पर जनता की सोच को सामने लेकर आता है.

Related Post