झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले, किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए दो लाख तक का कृषि ऋण माफ

Politics

रांची में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया "प्रमंडल स्तरीय सहकारिता महासम्मेलन" का उद्घाटन 

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

रांची।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को रांची के द कार्निवल बैंक्विट हॉल, डिबडीह में "प्रमंडल स्तरीय सहकारिता महासम्मेलन, रांची-2024" का उद्घाटन किया और 236 चलंत पशु चिकित्सालय वाहनों का शुभारंभ किया।

राज्य सरकार ने पिछले 4 वर्षों में विकास की लम्बी लकीर खींची

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार तथा कृषि विभाग का उद्देश्य एवं लक्ष्य राज्य में किसान वर्ग को मजबूती प्रदान करना रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड गांवों का प्रदेश है और विगत 4 वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किसान वर्ग के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया गया है।

"गांव समृद्ध होंगे तभी राज्य समृद्ध होगा"

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब गांव समृद्ध होंगे तभी राज्य समृद्ध होगा। उनकी सरकार राज्य के गांवों की जड़ों को मजबूत करने पर लगी है। उन्होंने कहा कि विगत चार वर्षो में राज्य के गरीब, वृद्धजन, महिलाएं, किसान, आदिवासी, दलित, शोषित, पिछड़े सभी वर्गों के उत्थान के लिए उनकी सरकार ने जो लकीर खींची है वह बहुत मजबूत, लम्बी और गाढ़ी लकीर है।

"खेत-खलिहान और पशुधन ग्रामीणों का बैंक एवं एटीएम"

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों का मूलधन खेत-खलिहान और पशुधन होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसान पाठशाला, बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना, दीदी बगिया योजना सहित कई अन्य योजनाओं का संचालन किया जा रहा है ताकि ग्रामीण परिवार इन योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो सके।

### राज्य सरकार किसानों के साथ, 2 लाख रुपए तक का कृषि ऋण माफ

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सदैव यहां के किसान परिवारों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा कृषकों के 2 लाख रुपए तक के कृषि ऋण माफी का निर्णय भी लिया गया है। राज्य सरकार अब कृषि कार्य के लिए किसान परिवारों को बेहतर गुणवत्ता वाले पशु प्रदान कर रही है।

इस अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह, सांसद श्री सुखदेव भगत, सांसद राज्यसभा श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, झारखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री राजीव रंजन प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Post