भाजपा ओबीसी मोर्चा की बैठक: झारखंड में बड़े निर्णय और आगामी कार्यक्रमों की योजना

Politics

भाजपा ओबीसी मोर्चा की बैठक: झारखंड में बड़े निर्णय और आगामी कार्यक्रमों की योजना

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

रांची:रांची में आयोजित भाजपा ओबीसी मोर्चा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में पिछड़ा वर्ग की बड़ी आबादी है जो परंपरावादी राष्ट्रवाद और हिंदुत्ववाद का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी है कि वे अपने वर्ग के बीच नरेंद्र मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाएं। साथ ही हेमंत सोरेन सरकार के भ्रष्टाचार, अराजकता, शोषण, अपराध और तुष्टिकरण के खिलाफ आंदोलन करें।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न विभागों की कुव्यवस्था से पीड़ित नागरिकों को उनका हक दिलाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को ओबीसी मोर्चा से बहुत उम्मीदें हैं।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने दिए निर्देश

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मोर्चा, विभाग एवं प्रकोष्ठ में काम देकर उनका व्यक्तित्व विकास करने की बात कही। उन्होंने 23 अगस्त को होने वाली युवा आक्रोश रैली और 25 अगस्त को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव ने किया स्वागत

प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि राज्य सरकार के सभी विभाग भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबे हैं। उन्होंने कहा कि मोर्चा जिला स्तर पर जोरदार आंदोलन करने के लिए तैयारी में जुट जाए और युवा आक्रोश रैली में अपने जिलों से अधिक संख्या में शामिल हो।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष, मंत्री और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। संचालन प्रदेश महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मंत्री हेमंत केसरी ने दिया।

Related Post