चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के एलान के बाद झामुमो को एक और झटका

Politics

चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के एलान के बाद झामुमो को एक और झटका

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

रांची। चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के एलान के बाद अब झामुमो को एक और झटका लगने जा रहा है। जी हां, आपने ठीक पढ़ा। बोरियो के पूर्व झामुमो विधायक लोबिन हेम्ब्रम का भाजपा में जाना लगभग तय माना जा रहा है।
उन्होंने स्वीकार किया कि वह भाजपा में जा रहे हैं। पार्टी में कब शामिल होंगे यह भी जल्द स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल वह रांची में हैं तथा भाजपा के वरीय नेताओं के संपर्क में हैं।
चर्चा है कि लोबिन अपने विधानसभा क्षेत्र बोरियो में धूमधाम के साथ वरीय नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। संभवत: इसी में पेंच फंसा हुआ है।
हालांकि, यह तिथि कब होगी, यह भी आजकल में फाइनल हो जाएगी। पिछले दिनों लोबिन के दिल्ली जाने की बात भी सामने आयी थी। हालांकि, इससे उन्होंने इनकार किया था।
बताते चलें कि, लोबिन झामुमो में रहते हुए पार्टी के खिलाफ मुखर रहे हैं। जिले में अवैध खनन व परिवहन का मामला उन्होंने उठाया था, जिसके बाद ईडी ने मामले की जांच शुरू की।
पार्टी में रहते हुए राजमहल से लोकसभा का चुनाव लड़ा और तीसरे स्थान पर रहे। चुनाव के बाद झामुमो ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया। पार्टी की शिकायत पर बाद में उनकी विधानसभा की सदस्यता भी समाप्त कर दी गई।

Related Post