लालकिले से PM मोदी ने किए 3 बड़े ऐलान, कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस पर कहा- ऐसे राक्षसों को फांसी पर लटकाया जाए...

Crime

लालकिले से PM मोदी ने किए 3 बड़े ऐलान, कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस पर कहा- ऐसे राक्षसों को फांसी पर लटकाया जाए...

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

नई दिल्ली : देश आज 15 अगस्त को अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराया। अपने 103 मिनट के भाषण में मोदी ने कहा- आजादी के दीवानों ने आज हमें स्वतंत्रता की सांस लेने का सौभाग्य दिया है। ये देश महापुरुषों का ऋणी है।पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

पीएम मोदी ने कहा कि देश में जब महिलाओं से अत्याचार की घटनाएं होती हैं तो मन में तकलीफ होती है। उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं दम खम दिखा रही हैं, उनका नेतृत्व भी बढ़ा है। लेकिन जब महिलाओं से अत्याचार की घटना आती है तो चिंता होती है। पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं से हो रहे अपराध में जल्द से जल्द सजा होनी चाहिए और जांच में तेजी लाई जानी चाहिए।

हमारे देश के बच्चों को जाने कैसे-कैसे देशों में मेडिकल की पढ़ाई के लिए जाना पड़ता है। अगले पांच साल में 75 हजार नई मेडिकल सीटें बढ़ाई जाएंगी। कोलकाता रेप-मर्डर पर उन्होंने कहा- ऐसे राक्षसों को फांसी पर लटकाया जाए। हमारे संविधान को 75 साल हो रहे हैं। देश को लोकतंत्र की मजबूती देने में संविधान की भूमिका रही है। हम संविधान में लिखे कर्तव्य के भाव पर जोर देना चाहते हैं। ये कर्तव्य सरकार के, आमजन के सभी के हैं। अगर हम इस भाव के साथ चलेंगे तो आगे बढ़ेंगे।

भ्रष्टाचार का महिमामंडन नहीं होना चाहिए
मैं भ्रष्टाचारियों से निपटकर रहूंगा। क्या कोई कल्पना कर सकता है कि मेरे देश में कुछ ऐसे लोग निकल रहे हैं, जो भ्रष्टाचार का महिमामंडन कर रहे हैं। समाज में इस प्रकार के बीज बोने का प्रयास हो रहा है, वो स्वस्थ समाज के लिए चुनौती है। भ्रष्टाचारियों से दूरी बनाना सही होता है, उसका महिमामंडन नहीं होना चाहिए।

बदनियत वालों को नेक नियत से जीतेंगे
राष्ट्र के सपनों को साकार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हम बदनियत वालों को नेक नियत से जीतेंगे। हमारा हर देशवासी भ्रष्टाचार की दीमक से परेशान रहा है। अन्याय के प्रति उसका गुस्सा राष्ट्र की प्रगति में रुकावट देता है। मैंने इसके लिए काम किया, मुझे अपनी प्रतिष्ठा भी चुकानी पड़े तो चुकाऊंगा।

मोदी बोले- चुनौतियों को चुनौती देना हिंदुस्तान की फितरत
चुनौतियां अंदर भी हैं, बाहर भी हैं, जैसे-जैसे हमारा सामर्थ्य बढ़ेगा, बाहर की चुनौतियां बढ़ेंगी। लेकिन मैं ऐसी शक्तियों से कहना चाहता हूं कि हम दुनिया को युद्ध में नहीं ले जाते। हम बुद्ध के देश हैं, युद्ध नहीं करते। मैं देशवासियों से कहना चाहता हूं कि चुनौतियों को चुनौती देना हिंदुस्तान की फितरत है।

मुठ्ठीभर स्वार्थी लोगों से सचेत रहना
कुछ लोग प्रगति देख नहीं सकते। भारत का भला नहीं सोचते। जब तक उनका भला न हो, वो सोचते नहीं। हमें ऐसे मुठ्ठीभर लोगों से सचेत रहना है। इनकी निराशावादी सोच से देश को काफी नुकसान होता है। उनकी गोद में विकृति पल रही है। ये विकृति विनाश के प्रयास में लगी है। देश को इसे समझना होगा। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि, हमारी नेक नियत, ईमानदारी, समर्पण विपरीत मार्ग पर जाने वालों का दिल जीतकर देश को आगे बढाएंगे।


गरीबों, दलितों, आदिवासियों को साथ लेकर चलें
हमें सफलता तब मिलती है, जब पीछे वालों को आगे लाएं। हमारे छोटे-छोटे किसान, आदिवासी, कामगार, मजदूर, गरीबों को साथ लाना है। हमें उन्हें अपने बराबर लाना है। इसके लिए एक अवसर आ रहा है। हमें पता है 1857 स्वतंत्रता संग्राम से पहले एक आदिवासी बिरसा मुंडा थे, जिन्होंने अंग्रेजों से लोहा लिया। उनकी जयंती आ रही है, उनकी 150वीं जयंती पर समाज के प्रति मम्भाव बढ़ाए। गरीबों, दलितों, आदिवासियों को अपने साथ लेकर चलें।

2036 का ओलिंपिक भारत में हो, इसकी तैयारी कर रहे
आज हमारे साथ तिरंगे के नीचे वो नौजवान बैठे हैं, जिन्होंने ओलिंपिक की दुनिया में नया परचम लहराया है। हम देशवसियों की तरफ से उन्हें बधाई देता हूं। जी 20 का आयोजन कर हमने दिखाया कि भारत में बड़े से बड़े आयोजन कर सकता है। भारत चाहता है कि 2036 का ओलिंपिक भारत में हो, इसके लिए तैयारी कर रहे हैं।


विकसित भारत हमारी प्रतीक्षा कर रहा
2047 विकसित भारत हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। ये देश चलने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं तीसरे टर्म में तीन गुना काम करूंगा। ताकि देश के सपनों को पूरा कर सकूं। मेरा हर पल देश के लिए है, मेरा कण-कण मां भारती के लिए है। इसलिए 24x7 की प्रतिबद्धता के साथ आह्वान करता हूं, सपनों को पूरा करें। 21वीं सदी को स्वर्णिम भारत बना सकें। आपने मुझे जो दायित्व दिया है, उसमें कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।


वन नेशन वन इलेक्शन के लिए सब आगे आएं
देश में बार-बार चुनाव प्रगति को रोक रहे हैं। हर योजना चुनाव के रंग से रंग दिया गया। सभी दलों ने अपने विचार रखें हैं। एक कमेटी ने रिपोर्ट बनाई। वन नेशन वन इलेक्शन सामने आया है। इस सपने को साकार करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से साथ आने को कहता हूं।

Related Post