ईचागढ़ विधानसभा और बंगाल के 11 फंसे मजदूरों को भाजपा नेता विनोद राय के प्रयास से मिली मुक्ति

Crime

ईचागढ़ विधानसभा और बंगाल के 11 फंसे मजदूरों को भाजपा नेता विनोद राय के प्रयास से मिली मुक्ति

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

सरायकेला :ईचागढ़ विधानसभा के कुकडू प्रखंड अंतर्गत इचाडीह पंचायत के अदेलडीह गांव के 6 मजदूर और बंगाल के नावाडीह के 5 मजदूर एक ठेकेदार के माध्यम से अहमदाबाद में काम करने गए थे। वहां पहुंचने के बाद उन्हें ठेकेदार द्वारा बदसुलूखी और शोषण का सामना करना पड़ा। ठेकेदार ने मोबाइल बंद कर दिया और भाग गया, जिसके बाद मजदूरों को दूसरे लोगों के हाथों सौंप दिया गया। स्थिति इतनी खराब हो गई कि उन सभी मजदूरों को पाकिस्तान की सीमा की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। किसी तरह चकमा देकर मजदूर अहमदाबाद के सरखेज स्टेशन में छुपे और अपने परिवार वालों से संपर्क किया।

इस मामले की जानकारी भाजपा नेता और युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता *विनोद राय* को कुकडू मंडल स्तरीय बैठक के दौरान मिली, जब फंसे हुए मजदूरों के परिजन आधार कार्ड लेकर उनके पास आए और मजदूरों की जान को खतरा बताते हुए मदद की गुहार लगाई। श्री राय ने तत्काल फंसे हुए मजदूरों से फोन पर संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। मजदूरों ने अपना लाइव लोकेशन और स्टेशन की तस्वीरें भेजीं, जिसके बाद श्री राय ने तुरंत भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष *शशांक राज* को इस स्थिति से अवगत कराया।

शशांक राज के सहयोग से अहमदाबाद के वरिष्ठ भाजपा नेता *नरेश जी* से संपर्क स्थापित हुआ। उनके प्रयासों से प्रशासन का सहयोग मिला और सभी 11 मजदूरों को सुरक्षित रेलवे स्टेशन पहुंचाकर झारखंड लौटने वाली ट्रेन में बैठाया गया। वर्तमान में सभी मजदूर सुरक्षित हैं और अपने घर की ओर लौट रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया की लाइव वीडियो और लोकेशन भी साझा की गई है।

भाजपा नेता विनोद राय की त्वरित कार्रवाई, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज और अहमदाबाद के वरिष्ठ भाजपा नेताओं के समन्वय से यह महत्वपूर्ण बचाव कार्य सफल हुआ है। सभी 11 मजदूर अब सुरक्षित रूप से घर लौट रहे हैं।

Related Post