मंत्री बन्ना गुप्ता पर सिख समाज की पवित्र पगड़ी का अपमान करने का आरोप, भाजपा नेता विकास सिंह ने की कड़ी निंदा

Crime

मंत्री बन्ना गुप्ता पर सिख समाज की पवित्र पगड़ी का अपमान करने का आरोप, भाजपा नेता विकास सिंह ने की कड़ी निंदा

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

जमशेदपुर: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एक नए विवाद में घिर गए हैं। भाजपा नेता विकास सिंह ने एक वीडियो जारी करते हुए उन पर सिख समाज की पवित्र पगड़ी का अपमान करने का आरोप लगाया है। घटना साकची गोलचक्कर पर कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम की है, जो सिख नेता रवनीत सिंह बिट्टू के राहुल गांधी पर दिए गए बयान के विरोध में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान, बन्ना गुप्ता ने नवनीत सिंह बिट्टू की पगड़ी पहने हुए तस्वीर को नीचे फेंक कर अपने पैर से उसे रौंदा। इस दृश्य को देखकर कांग्रेस के ही नेता परविंदर सिंह ने गुप्ता को ऐसा करने से मना किया, परंतु मंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी। अंत में परविंदर सिंह ने खुद तस्वीर को उठाकर पगड़ी का अपमान होने से रोका। इस पूरी घटना का वीडियो एक सिख धर्म से जुड़े नेता ने भाजपा नेता विकास सिंह को भेजा।

वीडियो देखने के बाद भाजपा नेता विकास सिंह ने इसे सिख समाज के अपमान की घटना बताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, "पगड़ी कोई सामान्य वस्त्र नहीं है, यह वाहेगुरु का प्रसाद है, जिसे सिख समाज के लोग गर्व से अपने सिर पर धारण करते हैं। बन्ना गुप्ता ने जो किया है, वह अत्यंत शर्मनाक है और इसकी जितनी निंदा की जाए, वह कम है।"

विकास सिंह ने आगे कहा, "सिख समाज का भारत की आजादी और धर्म की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस तरह का अपमान बर्दाश्त से बाहर है। बन्ना गुप्ता को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में जाकर वहां के पवित्र पानी से स्नान कर माफी मांगनी चाहिए। सजा सिख समाज को तय करनी है, क्योंकि यह मामला उनकी धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है।"

यह मामला अब सिख समाज के लिए गंभीर धार्मिक अपमान के रूप में उभर कर सामने आया है, और इससे राजनीतिक विवाद बढ़ सकता है। सिख समुदाय के नेता इस मामले पर क्या निर्णय लेंगे, यह देखना बाकी है।

follow us - https://www.facebook.com/newsmediakiran

subscribe us - https://youtu.be/4ruQTOywTvI

Related Post