25 लाख की इनामी महिला नक्सली जया मांझी गिरफ्तार झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी

Crime

25 लाख की इनामी महिला नक्सली जया मांझी गिरफ्तार: झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी

धनबाद: झारखंड पुलिस ने 25 लाख की इनामी महिला नक्सली जया मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी धनबाद जिले के एक प्राइवेट अस्पताल, अशर्फी अस्पताल, से हुई। जया मांझी की गिरफ्तारी झारखंड पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, जबकि नक्सली संगठन को इससे बड़ा झटका लगा है।

फिलहाल, झारखंड पुलिस की टीम जया मांझी को गुप्त स्थान पर रखकर उसका इलाज करवा रही है और उससे कई मामलों में पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, इनामी महिला नक्सली जया मांझी पेट दर्द से परेशान थी और उसके गॉल ब्लैडर में समस्या थी। 12 जुलाई की रात वह अशर्फी अस्पताल में भर्ती हुई थी। उसके बाद से जया मांझी का इलाज अशर्फी अस्पताल में चल रहा था।

लेकिन, ऐन वक्त पर झारखंड पुलिस की एक विंग को सूचना मिली, जिसके बाद सत्यापन के लिए उस अस्पताल में टीम के कई सदस्यों को जांच के लिए भेजा गया। पूरे मामले की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने प्राइवेट अस्पताल से इनामी महिला नक्सली जया मांझी को उठाकर कब्जे में ले लिया।

झारखंड पुलिस की विभिन्न विंग्स अब जया मांझी से कई मामलों में पूछताछ कर रही हैं, जिससे नक्सली गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।

Related Post