मानव तस्करी का भंडाफोड़

Crime

*लोहरदगा में मानव तस्करी का भंडाफोड़, 7 तस्कर गिरफ्तार, 34 मजदूरों को मुक्त कराया गया*

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

लोहरदगा: जिले में पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (एसपी) हारिस बीन जमां के नेतृत्व में की गई, जिसमें 34 मजदूरों को भी तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। मुक्त कराए गए मजदूरों में एक 10 वर्षीय बच्ची, एक 13 वर्षीय बालक, और दो महिलाएं भी शामिल हैं।

एसपी हारिस बीन जमां ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), लोहरदगा के नेतृत्व में 28 अगस्त 2024 को दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर छापेमारी की गई। इस संयुक्त छापेमारी में आहतु थाना और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने भाग लिया। छापेमारी के दौरान मजदूरों को ईंट भट्टों में काम करने के लिए अगरतला (त्रिपुरा), जौनपुर (उत्तर प्रदेश), और सासाराम (बिहार) ले जा रहे सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान विनोद भगत (रघु टोली, लोहरदगा), सुरेश असुर (गम्हरिया, सेरेंगदाग, लोहरदगा), दिलीप लोहरा (डांडू करंज टोली, सेन्हा, लोहरदगा), अंजारूल हक (आरा, सेन्हा, लोहरदगा), कलमुरदगा (पानीलता, सिसई, गुमला), सुरेंद्र गोप (उपर तुरियाडीह, सेरेंगदाग, लोहरदगा), और नेपाली उरांव (लदा, पुसो, गुमला) के रूप में हुई है।

इस छापेमारी दल में समीर कुमार तिर्की (पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय), सुमन मिंज (थाना प्रभारी, आहतु थाना), रमेश्वर प्रसाद यादव (आहतु थाना), रघुवीर सिंह (रेल सुरक्षा बल), अजीत कुमार (रेल सुरक्षा बल), हेड कांस्टेबल कार्तिकचंद पाल (रेल सुरक्षा बल), महिला हेड कांस्टेबल कल्पना कुमारी (रेल सुरक्षा बल), कांस्टेबल दुबराज उरांव (रेल सुरक्षा बल), सुखनाथ हांसा (रेल सुरक्षा बल), भरत सिंह (रेल सुरक्षा बल), और आरक्षी बेला कंचन बागे (आहतु थाना) शामिल थे।

एसपी हारिस बीन जमां ने बताया कि यह कार्रवाई मानव तस्करी की रोकथाम के लिए की गई थी और आगे भी ऐसे अपराधों को रोकने के लिए पुलिस सक्रिय रहेगी। गिरफ्तार किए गए तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मजदूरों को उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इस अभियान से यह स्पष्ट होता है कि लोहरदगा पुलिस मानव तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Post