जमशेदपुर बाल सुधार गृह से पांच कैदी फरार, पुलिस के दबाव में लौटे वापस

Crime

जमशेदपुर बाल सुधार गृह से पांच कैदी फरार, पुलिस के दबाव में लौटे वापस

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता   

जमशेदपुर । परसुडीह थाना अंतर्गत बाल सुधार गृह से मंगलवार–बुधवार रात को पांच कैदी फरार हो गए। इन कैदियों ने खिड़की तोड़कर पीछे से भागने का रास्ता बनाया। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब बुधवार सुबह बाल सुधार गृह के कर्मियों ने कैदियों की गिनती की और पाया कि पांच कैदी कम हैं। फरार हुए बच्चों में से दो हत्या और एक दुष्कर्म के आरोपी थे।

जैसे ही कैदियों के फरार होने की सूचना मिली, बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फरार हुए कैदियों के परिजनों और वकीलों से संपर्क साधा और दबाव बनाया कि बच्चे वापस लौटें। बुधवार रात 8 बजे तक पुलिस के दबाव में सभी कैदी वापस लौट आए।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात को हमेशा की तरह कैदियों की गिनती की गई और फिर वार्ड को बंद कर दिया गया था। लेकिन रात 2 बजे के करीब पांच कैदियों ने खिड़की तोड़कर भागने की योजना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बाल सुधार गृह में कैदियों के बीच मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल जेल प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है।

Related Post