*जमशेदपुर में गोलीबारी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार*

Crime

*जमशेदपुर में गोलीबारी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार*

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र की महानंद बस्ती में 3 सितंबर को हुई गोलीबारी के मामले में टेल्को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित चौधरी उर्फ बापी चौधरी और सोनू कुमार उर्फ सोनू स्वांसी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति को गोली लगी थी, लेकिन गोली चलाने वाला और गोली लगने वाला दोनों ही मौके से फरार हो गए थे। जांच के दौरान पता चला कि गोली किसी अन्य व्यक्ति पर चलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन गलती से सोनू कुमार को लग गई, जिसके बाद दोनों फरार हो गए।

एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। अमित चौधरी पर टेल्को और सिदगोड़ा थानों में पांच गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और हत्या जैसे मामले शामिल हैं। वहीं, सोनू कुमार उर्फ सोनू स्वांसी पर टेल्को थाना में चोरी और लूट के दो मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी वाहन चोरी के मामलों में भी गिरफ्तार हो चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब शहर में हुई वाहन चोरियों के सुराग खोजने की कोशिश कर रही है।

Related Post