*जमशेदपुर: मानगो में महिला से चेन और मंगलसूत्र की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार*

Crime

*जमशेदपुर: मानगो में महिला से चेन और मंगलसूत्र की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार*

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

जमशेदपुर।मानगो में चोरी और छिनतई की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर रहने वाली महिला सीमा सिंह से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन और मंगलसूत्र की छिनतई कर ली। घटना के वक्त महिला अपने घर के पास ही थी जब अचानक बदमाशों ने उन पर हमला किया और गहने छीनकर फरार हो गए।

सीमा सिंह ने शोर मचाया और मदद की गुहार लगाई, लेकिन जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, बदमाश मौके से भाग चुके थे। इसके बाद महिला ने मानगो थाना में शिकायत दर्ज कराई, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक अन्य महिला से इसी तरह की छिनतई की घटना हुई थी। मानगो क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। बाइक सवार बदमाश दिनदहाड़े मोबाइल, पर्स, और चेन जैसी चीजें छीनकर भाग जाते हैं, और पुलिस अब तक इन अपराधियों को पकड़ने में असमर्थ रही है।

पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाने और बदमाशों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही है।

Related Post