दक्षिण अफ्रीका के कैमरून से लौटे सभी प्रवासी मजदूरों को दिया गया 25- 25 हजार का चेक

various

दक्षिण अफ्रीका के कैमरून से लौटे सभी प्रवासी मजदूरों को दिया गया 25- 25 हजार का चेक


गिरिडीह। दक्षिण अफ्रीका के कैमरून से बुधवार अहले सुबह मुंबई मेल से पारसनाथ रेलवे स्टेशन में उतरे सभी प्रवासी मजदूरों को झारखण्ड सरकार द्वारा 25- 25 हजार का चेक प्रदान किया गया।

इन मजदूरों के पारसनाथ रेलवे स्टेशन में उतरने के बाद सारे प्रवासी मजदूरों को डुमरी स्थित एक होटल  ले जाया गया। जहां गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

उक्त कार्यक्रम में राज्य सरकार के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्योग विभाग के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग तथा उत्पाद एव मध निषेध विभाग के मंत्री बैद्यनाथ राम, महिला बाल विकास व सामाजिक सुरक्षा विभाग की मंत्री बेबी देवी, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू एवं गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुई।

इस दौरान वतन लौटे सभी 27 प्रवासी मजदूरों को मजदूरों को माला पहना कर एवं अंग वस्त्र भेंट कर उनका हौसला अफजाई की गयी। साथ ही सभी मजदूरों को जब तक कोई रोजगार उपलब्ध नहीं हो जाता तब तक के गुजारे के लिये राज्य सरकार द्वारा 25-25 हजार का चेक दिया।

कार्यकम के दौरान गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने सभी मजदूरों को चेक प्रदान की। मौके पर कल्पना सोरेन ने अपने मोबाइल से सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी बात कराया। जिसमे मुख्यमंत्री ने सभी मजदूरों का हौसला अफजाही किया। कहा कि राज्य सरकार आपकी सेवा और सुविधा के लिये सदैव तैयार है।

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि पांच महीने बाद जेल से बाहर निकलते ही हेमंत सोरेन एक्शन मोड में है। साउथ अफ्रीका से 27 प्रवासी मजदूरों का सकुशल वतन वापसी इसका बड़ा उदाहरण है। कहा कि राज्य के मजदूरों को लेकर हेमंत सरकार चिंतित हैं। सरकार का यह प्रयास है कि राज्य में ही मजदूरों को रोजगार मिले ताकि राज्य के किसी मजदूर को रोजी रोटी कमाने देश से बाहर जाने की जरूरत ही न पड़े।

वहीं राज्य के श्रम नियोजन मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि सूबे के युवा सीएम खुद मजदूरों को लेकर हर समय गंभीर रहते हैं। उन्हें भी मजदूरों के पलायन को लेकर गंभीर है। कार्यक्रम में सचिव सह श्रम आयुक्त  श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग मुकेश कुमार, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी दीपक कुमार शर्मा, डुमरी एसडीएम के साथ एसडीपीओ सुमित प्रसाद, श्रम अधीक्षक रवि शंकर  कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे। बाद में सभी मजदूरों को सकुशल उनके घर भेज दिया गया।
 

Related Post