कुएं में गिरी नीलगाय को वन विभाग ने सफलतापूर्वक किया रेस्क्यू

various

*कुएं में गिरी नीलगाय को वन विभाग ने सफलतापूर्वक किया रेस्क्यू*

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

*पलामू:* छतरपुर थाना क्षेत्र के बैरियाडीह गांव में शुक्रवार देर रात एक नीलगाय गहरे कुएं में गिर गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन क्षेत्र पदाधिकारी शंकर पासवान को जब इस घटना के बारे में पता चला, तो उन्होंने तुरंत अपनी टीम को निर्देश दिए कि नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। नीलगाय करीब 20 फीट गहरे कुएं में फंसी हुई थी और बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रही थी। टीम ने पहले नीलगाय को शांत करने के उपाय किए ताकि वह घबराकर और अधिक चोटिल न हो। इसके बाद, रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से उसे सावधानीपूर्वक कुएं से बाहर निकाला गया।

नीलगाय को बाहर निकालने के बाद उसकी स्थिति की जांच की गई। यह सुनिश्चित करने के बाद कि नीलगाय को कोई गंभीर चोट नहीं आई है, उसे तुरंत जंगल की ओर छोड़ दिया गया। बाहर निकलते ही नीलगाय तेजी से जंगल की ओर भाग गई, जिससे राहत की सांस ली गई।

इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में वन विभाग की टीम के प्रमुख सदस्यों में विकाश साव, शंकर प्र० गुप्ता, गुड्डू और मुखराज शामिल थे, जिन्होंने तेजी से और समर्पण के साथ काम किया। इस अभियान की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने वन विभाग की तत्परता और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

इस तरह के घटनाओं से पता चलता है कि वन्यजीव संरक्षण और उनके बचाव के लिए वन विभाग हमेशा तत्पर रहता है।

Related Post