झारखंड में कमजोर पड़ा मानसून- भटके बादल ही कर रहे बरसात

various

झारखंड में कमजोर पड़ा मानसून- भटके बादल ही कर रहे बरसात

 

 रांची. झारखंड से फिर मानसून रूठ गया है. हालांकि, जिलों में हल्की बारिश देखी जा रही है. रांची में बीते 24 घंटे में मौसम काफी सुहावना रहा. आसमान में बादल छाए रहे. हल्की बारिश भी देखी गई. वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 35 डिग्री गोड्डा व सबसे कम तापमान 24 डिग्री रांची में दर्ज किया गया. सबसे अधिक वर्षा 29.6 मिमी पूर्वी सिंहभूम में दर्ज की गई.

गुरुवार के मौसम की बात करें तो आज भी मानसून कमजोर स्थिति में है. रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून ट्रफ व साइक्लोनिक सर्कुलेशन दोनों ही कमजोर पड़ चुके हैं. आज भी राज्य में कम बारिश की आशंका है. यह स्थिति 2 दिन तक रहेगी. 20 जुलाई के बाद फिर से मानसून सक्रिय होगा. तब जबरदस्त बारिश की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे राज्य में हल्की बारिश की संभावना है. बारिश के साथ वज्रपात भी हो सकता है, जिसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है. यह बारिश छिटपुट होगी, केवल 15 से 20% तक ही प्रभावी होगी. वज्रपात के दौरान लोगों को खासकर सचेत रहने की चेतावनी दी गई है. फिलहाल, उमस लोगों को परेशान कर सकती है.

जिलों का संभावित तापमान
आज के संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में अधिकतम 35 व न्यूनतम 27 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू में अधिकतम 35 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 33 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री और पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला में अधिकतम 35 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री तापमान दर्ज किया जा सकता है.

Related Post