झारखंड आदिवासी महोत्सव: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बोले, सीएम हेमंत सोरेन जल्द लागू कराएं PESA कानून

various

झारखंड आदिवासी महोत्सव: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बोले, सीएम हेमंत सोरेन जल्द लागू कराएं PESA कानून

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

रांची-विश्व आदिवासी दिवस पर रांची के बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में आयोजित झारखंड आदिवासी महोत्सव-2024 में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आदिवासी समुदाय की संस्कृति पर हम सभी को गर्व होना चाहिए और उसे संरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए. जनजातीय समुदाय के पारंपरिक शासन व्यवस्था को झारखंड में लागू किया जाना आवश्यक है. देश में झारखंड एक मात्र ऐसा राज्य है, जहां PESA कानून लागू नहीं है. वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करते हैं कि जल्द इस कानून को लागू कराएं.


झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि 31 जुलाई 2024 को इस सुंदर प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने का सौभाग्य मिला. शपथ लेने से पहले उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यहां आया था. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने अपने अल्पायु में ही इतिहास रच दिया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में  जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया.


राज्यपाल ने कहा कि झारखंड की धरती वीरों की भूमि रही है. यहां की माटी में जन्मे बीर बुधु भगत, सिद्धो-कान्हु, चांद-भैरव, फूलो-झानो और जतरा उरांव जैसे महान सपूतों ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी. उन सभी के  बलिदानों को स्मरण करते हुए मैं उनके प्रति अपनी श्रद्धा-सुमन अर्पित करता हूं. हमारे जनजातीय समुदाय का इतिहास गौरवशाली रहा है. भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका अद्वितीय रही है. उनकी वीरता और पराक्रम की गाथाएं भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी. जनजातियों द्वारा संरक्षित कला, संस्कृति, लोक साहित्य और रीति-रिवाज न केवल हमारे देश, बल्कि विश्वभर में ख्यातिप्राप्त हैं.

Related Post