बोराबिंदा गांव में वज्रपात से दो व्यक्तियों की मृत्यु

various

*बोराबिंदा गांव में वज्रपात से दो व्यक्तियों की मृत्यु*

चांडिल।चांडिल प्रखंड के बोराबिंदा गांव के निकट शुक्रवार की शाम वज्रपात से दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक चांडिल डैम में लगे केज में मछली पकड़ने के लिए गए थे। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय कालीचरण बेसरा और 58 वर्षीय बनु टुडू के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, कालीचरण बेसरा का बोराबिंदा साइड में एक केज है, जहां वे मछली पकड़ रहे थे। वज्रपात के दौरान दोनों उस केज में मछली पकड़ रहे थे और वज्रपात की चपेट में आ गए। घटना के बाद, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी राजकुमार तूरी, चांडिल डैम विस्थापित मत्स्यजीवी स्वाबलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष नारायण गोप, सचिव श्यामल मार्डी समेत अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

नारायण गोप ने बताया कि केज के अंदर पहली बार ऐसी घटना घटी है। समाजसेवी सुखराम हेंब्रम और उनके समर्थक भी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों शवों को एमजीएम अस्पताल भिजवाया। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई को भी चांडिल प्रखंड के भादुडीह साप्ताहिक हाट के सामने ठनका गिरने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई थी और तीन घायल हो गए थे, जिनमें एक की मृत्यु इलाज के दौरान हुई थी।

Related Post