चाईबासा में लोक अदालत और जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन

various

*चाईबासा में लोक अदालत और जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन*

चाईबासा।झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विश्वनाथ शुक्ला के मार्गदर्शन में, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा ने चाईबासा सिविल कोर्ट परिसर और चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया।

इस दौरान चाईबासा न्यायालय में आठ न्यायपीठों का गठन किया गया। इन न्यायपीठों ने 130 मामलों की सुनवाई की और इनका सफल निष्पादन किया, जिससे ₹1,27,700/- की राशि का समायोजन हुआ। इसी प्रकार, चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय में भी दो न्यायपीठों का गठन किया गया और लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृष्णा लोहरा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी और अंकित कुमार सिंह, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लोक अदालत के अतिरिक्त, एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें न्यायिक पदाधिकारियों और मध्यस्थ अधिवक्ताओं के बीच मध्यस्थता की भूमिका और उसकी प्रभावशीलता पर चर्चा की गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विश्वनाथ शुक्ला ने की, जिन्होंने मध्यस्थता की प्रक्रिया और इसके लाभों पर प्रकाश डाला। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मध्यस्थता विवाद सुलझाने की एक प्रभावी प्रक्रिया है, जिसमें मध्यस्थ (मीडिएटर) विवादग्रस्त पक्षकारों को एक ऐसे समझौते पर सहमत करने में मदद करता है जो सभी पक्षकारों की सहमति से होता है।

बैठक में न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उपस्थित व्यक्तियों में योगेश्वर मणि, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय, ओम प्रकाश, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम, सूर्य भूषण ओझा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय, तरुण कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय, लक्ष्मण प्रसाद, जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ, विनोद कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, मंजीत कुमार साहू, रेलवे दंडाधिकारी, सुप्रिया तिग्गा, एसडीजेएम सदर सह रजिस्ट्रार, श्रीमति एंजिलिना नीलम मड़की, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, श्रीमति पूजा पांडेय, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, बार के सचिव ऑगस्टिन कुल्लू, अधिवक्ता सुभाष मिश्रा, संतोष गुप्ता, अमर बख्शी और अन्य शामिल थे।

यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह ने प्रदान की।

Related Post