जल जमाव से त्रस्त मानगो शांति कॉलोनी के लोग, तीन दिनों से अपने घरों में कैद; नगर निगम और विधायक पर फूटा गुस्सा

various

जल जमाव से त्रस्त मानगो शांति कॉलोनी के लोग, तीन दिनों से अपने घरों में कैद; नगर निगम और विधायक पर फूटा गुस्सा

न्यूज़ मीडिया किरण संवाददाता

जमशेदपुर:मानगो उलीडीह टैंक रोड स्थित शांति कॉलोनी के निवासी लगातार तीन दिनों से जल जमाव के कारण अपने घरों में कैद हो गए हैं। भारी बारिश और नगर निगम की लापरवाही के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है। पिछले कई वर्षों से स्थानीय लोग नाली निर्माण की मांग कर रहे थे, लेकिन नगर निगम ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे पूरे इलाके में तालाब जैसी स्थिति बन गई है।

स्थानीय निवासी प्रभास दास ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे विकास सिंह को बताया गया कि दो साल पहले भी इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था। उस समय नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने दो महीने के अंदर नाली निर्माण का आश्वासन देते हुए अस्थायी रूप से मोटर पंप लगाकर पानी निकासी करवाई थी। लेकिन, दो साल बीत जाने के बाद भी एक इंच नाली का निर्माण नहीं हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जलभराव के कारण बच्चे स्कूल और ट्यूशन नहीं जा पा रहे हैं, वहीं त्योहारी सीजन में महिलाएं और पुरुष बाजार करने में असमर्थ हो गए हैं। बीमार लोग डॉक्टर के पास नहीं जा पा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। जमे हुए पानी में सांप देखे जाने से लोग और अधिक भयभीत हो गए हैं। महामारी फैलने की आशंका के चलते लोग डरे हुए हैं।

भाजपा नेता विकास सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इस समस्या का स्थायी समाधान जल्द नहीं किया गया, तो स्थानीय लोग मानगो नगर निगम में तालाबंदी करेंगे।

मौके पर विकास सिंह के साथ अजय लोहार, मदन मोहन दंडपत, गौतम दंडपत, प्रभास दास, विष्णु भक्त, तापस दास, प्रभास सिन्हा, रॉबिन सिन्हा, सुदीप सिन्हा, इला रानी हलदर, शांतनु हलदर, शांति मांझी, सुशील कुमार, दिलीप धीवर, तापस धीवर, और संजीव कुमार मौजूद थे।

follow us - https://www.facebook.com/newsmediakiran

subscribe us - https://youtu.be/4ruQTOywTvI

Related Post