मूसलाधार बारिश में गिरा मिट्टी का दीवार-मलबे में दब कर एक महिला की हुई मौत

various

मूसलाधार बारिश में गिरा मिट्टी का दीवार, मलबे में दब कर एक महिला की हुई मौत

गिरिडीह। जिले के सरिया में घर के दीवार की मिट्टी धंसने से मिट्टी में दब कर एक महिला की मौत हो गई। शुक्रवार की रात लगातार हुई मूसलाधार बारिश में सरिया प्रखंड अंतर्गत लुतीयानो गांव में मिट्टी का दीवार गिरने से दीवार के मिट्टी के मलबे में दब कर गांव के दुलारचंद महतो की 40 वर्षीया पत्नी मीना देवी की मौत हो गयी। शनिवार को सुबह लोगों की नजर मलबे में दबी महिला के शव पर पड़ी। उसके बाद शव को मलबे से बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार मीना देवी घर में अकेली रहती थी। उसे दो बेटी है। दोनों अपने नानी घर ही रहती है। आशंका जताई गयी कि दीवार के मिट्टी से दबने के बाद महिला अपने बचाव के लिए आवाज लगाई होगी, लेकिन मूसलाधार बारिश में उसकी आवाज किसी ने नहीं सुनी और देर तक मलबे में दबे रहने के कारण उसकी मौत हो गई होगी।

हालांकि, मृतका मीना देवी की बड़ी बेटी यशोदा कुमारी ने इसे एक साजिश के तहत की गयी हत्या बताया है। उसने अपने चाचा पर ही घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। यशोदा का कहना है कि उसकी मां घर में अकेली रहती थी। हम दोनों बहन ननिहाल में रहते हैं। पिता बाहर में रहते हैं जो कई सालों से घर नहीं आए हैं। यशोदा ने बताया कि उसके चाचा पूर्व में मार कर फेंक देने की धमकी भी दिया था।

बहरहाल घटना की सूचना मिलते सरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों का बयान भी लिया है।

वहीं घटना की सूचना मिलने पर बगोदर के पूर्व विधायक नागेंद्र महतो, आजसू नेता सह जिप सदस्य अनुप पांडेय भी घटनास्थल पहुंचे और, घटना को दुखद बताया है। वही जिला व स्थानीय प्रशासन से वार्ता कर आपदा राहत से मृतका के आश्रित को मुआवजा देने की मांग की। साथ ही पुलिस परेशान से मामले की छानबीन करने की भी मांग की है। 

Related Post